नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। शिवरात्रि के जलाभिषेक में महज सात दिन का समय बाकी रह गया है। ऐसे में दिल्ली-मेरठ रोड पर कांवडिय़ों के आने का सिलसिला लगातार बढऩे लगा है। दिल्ली-मेरठ रोड अब भगवामय दिख रहा है तो वहीं बोल बम के जयघोष से निरंतर गुंजायमान हो रहा है। बच्चों से लेकर बुजुर्ग और युवा से लेकर महिलाएं बड़ी संख्या में कांवड़ लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे हैं।
हालांकि अभी दिल्ली, गुडग़ंाव, फरीदाबाद के कांवडिय़ों की संख्या सबसे अधिक है। स्थानीय कांवडिय़ों का आगमन सात अगस्त से शुरू हो जाएगा। नौ अगस्त को पहला हाजिरी का जल चढऩा शुरू होगा उसके बाद दस अगस्त को त्रयोदशी व फिर शिवरात्रि का जलाभिषेक होगा। दिल्ली निवासी अमित अपने कंधे पर भगवान शिव को बैठाकर कांवड़ लेकर आ रहा है। शिव को बैठने के लिए स्टूल भी साथ लेकर चल रहा है।
अमित ने बताया कि कई बार बैठने का स्थान सही नहीं मिलता, इसलिए वह स्टूल लेकर चलते हैं ताकि भगवान सही स्थान पर विराजे। गुडगांव के कांवडिय़ां विशाल और गौरव पांचवीं कांवड़ लेकर आ रहे हैं। विशाल ने बताया कि इस बार वह 101 लीटर की कांवड़ लेकर दस दिन पहले हरिद्वार से निकले हैं। गौरव ने बताया कि भोले की शक्ति के सहारे वह आराम से अपनी कांवड़ लेकर चल रहे हैं और समय से अपने गंतव्य तक पहुंच जाएंगे।