गाजियाबाद (युग करवट)। इस्कॉन के 60 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गाजियाबाद इस्कॉन राजनगर मंदिर द्वारा पहली हरे कृष्णा प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया जा रहा है। आज एक प्रेसवार्ता के दौरान आनलाइन क्विज के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू की गई। प्रेसवार्ता में मंदिर समिति के जनरल मैनेजर अभिराम प्रभु ने बताया कि आज की युवा पीढ़ी को नशे,तनाव, के कारण नैतिक मूल्यों से हट रही है। ऐसे में इस युवा पीढ़ी को श्रीकृष्ण की शिक्षा जीवन को सही दिशा व चरित्र निर्माण के साथ उन्नति का मार्ग प्रदान कर सकती है।
इसके लिए यह ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता शुरू की गई है जिसमें श्रीकृष्ण के जीवन प्रंसगों से जुड़े 50 प्रश्न पूछे जाएंगे। पीआर हेड दयालु कन्हाई दास ने बताया कि सेतू 100 के तकनीकी सहयोग से आज से 31 अगस्त तक इस प्रतियोगिता लिए रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन इस्कॉन की वेबसाइट पर किया जा सकता है। एक सितम्बर से सुबह आठ बजे से दो सितम्बर आठ बजे तक ऑनलाइन प्रतियोगिता शुरू होगी। प्रतियोगिता तीन आयु वर्ग में होगी। सेतू 100 आशीष भनोट ने बताया कि पहला आयुवर्ग सात से 13 वर्ष, दूसरा 14 से 18 वर्ष और तीसरा 18 से ऊपर वर्ग के बीच होगी। हर ग्रुप में पहले तीन स्थान पर रहने वाले को नगद पुरस्कार छह सितम्बर को प्रदान किया जाएगा। पहले वर्ग में 11 हजार, 51 सौ, 31 सौ, दूसरे ग्रुप में 21 हजार, 11 हजार, 51 सौ, तीसरे ग्रुप के विजेता को 31 हजार, 21 हजार व 11 हजार रूपए पहले, दूसरे और तीसरे स्थान के विजेता को प्रदान किए जाएंगे। प्रेसवार्ता में महेश सक्सेना,प्रशांत चौधरी आदि मौजूद रहे।