गाजियाबाद (युग करवट)। कल लक्ष्मी गार्डन थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मी गार्डन कॉलोनी में रहने वाले गुलफाम के मकान में गौकशी की घटना हुई थी। इस वारदात की सूचना मिलते ही जहां एसओ लोनी बॉर्डर मुकेश सोलंकी ने तत्काल एफआईआर दजर्् करा दी थी वहीं उक्त घटना में शामिल गौकशों की गिरफ्तारी के प्रयास करने भी शुरू कर दिये थे। यह जानकारी देते हुए एसीपी अंकुर विहार अमरदीप मौर्य ने बताया कि एसओ लोनी बॉर्डर मुकेश सोलंकी को सूचना मिली कि गौकशी करने वाले सदस्य पुन: ऐसी ही वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। वो कीकर वाले क्षेत्र में आयेंगे। इस सूचना के मिलते ही श्री सोलंकी ने टीम के साथ मिलकर चेकिंग करनी शुरू कर दी। उसी समय दो बदमाश एक बाईक पर आते हुए दिखाई दिये। पुलिस ने जब उन्हें रोकना चाहा तो उन्होंने फायरिंग करके भागना शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। पुलिस के द्वारा चलाई गई एक गोली बदमाश के पैर में लग गई। पूछताछ में बदमाश ने अपना नाम अय्यूब निवासी इंद्रापुरी बताया। साथ ही अपने साथी का नाम गुलफाम बताया।