लखनऊ (युग करवट)। यूपी विधानमंडल के मानसून सत्र में आज अनुपूरक बजट पेश किया गया। वित्तीय वर्ष 2026-2027 के लिए पेश किए गए अनुपूरक बजट में राज्य सरकार ने औद्योगिक विकास, बुनियादी ढांचे और ऊर्जा क्षेत्र पर विशेष ध्यान केंद्रित किया है। औद्योगिक विकास एवं भारी उद्योगों को सबसे बड़ा हिस्सा दिया गया है, जिसके तहत भारी एवं मध्यम उद्योग विभाग के लिए 1,30,301.92 लाख का राजस्व खर्च और 20,90,588.00 लाख का भारी-भरकम पूंजीगत बजट मंजूर किया गया है। इसके अलावा हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग को 1,502.79 लाख राजस्व और 12,500.00 लाख पूंजीगत मद में दिए गए हैं, जबकि मुद्रण तथा लेखन सामग्री के पूंजीगत कार्यों हेतु 2,350.00 लाख की व्यवस्था की गई है। इस अनुपूरक बजट में चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण प्रभाग के लिए राजस्व मद और पूंजीगत मद में 10.00 लाख का प्रावधान किया गया है। एलोपैथी चिकित्सा प्रभाग को सबसे बड़ा हिस्सा मिला है, जिसके अंतर्गत राजस्व मद में 1,100 करोड़ तथा पूंजीगत मद में 96 करोड़ आवंटित किए गए हैं। आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सा प्रभाग के लिए राजस्व मद में 25.00 लाख और पूंजीगत मद में 23 करोड़) रखे गए हैं। इसके अलावा परिवार कल्याण प्रभाग के लिए राजस्व मद में 704.25 करोड़ तथा सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रभाग के लिए राजस्व मद में 20.15 करोड़ और पूंजीगत मद में 40.50 करोड़) स्वीकृत किए गए हैं।