गाजियाबाद (युग करवट)। जिला कांग्रेस कमेटी ने यूरिया, डीएपी खाद की उपलब्धता और बिजली समस्या को लेकर जिला मुख्यालय में प्रदर्शन किया और एडीएम प्रशासन के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष सतीश शर्मा व महानगर अध्यक्ष वीर सिंह जाटव ने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि किसानों को वर्तमान में फसलों की बुवाई के लिए यूरिया और डीएपी खाद की अधिक जरूरत है। लेकिन कई जिलों में इनकी कमी बनी हुई है जिससे किसानों को घंटों तक इंतजार करना पड़ रहा है। इसके कारण कालाबाजारी भी हो रही है। स्मार्ट प्रीपेड मीटरों में रीडिंग व बिलिंग को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही हैं। तकनीकी खामियों से उपभोक्ता खासे परेशान हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जल्द से जल्द इन मांगो के निस्तारण की मांग की है। प्रदर्शन करने वालों में जिलाध्यक्ष सतीश शर्मा, महानगर अध्यक्ष वीर सिंह जाटव, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुशांत गोयल, लोकेश चौधरी, नवीन, आशुतोष गुप्ता, राजकुमार शर्मा, राजाराम भारती आदि मौजूद रहे।