गाजियाबाद बार एसोसिएशन का वार्षिक चुनाव नजदीक आ गया है। संभावना जताई जा रही है कि दिसंबर में बार का चुनाव कराया जा सकता है। दीपावली बाद चुनाव की सरगर्मियां महसूस की जाने लगेगीं। हालांकि संभावित उम्मीदवारों ने अपना प्रचार शुरू भी कर दिया है। अधिवक्ताओं के इस चुनाव की अपने आप में बड़ी महत्ता है। अधिवक्ता साल भर इस चुनाव का इंतजार करते हैं। इस साल अधिवक्ताओं का यह चुनाव कई मायनों में महत्वपूर्ण हो सकता है। बार के वर्तमान अध्यक्ष वरिष्ठ अधिवक्ता ब्रह्मïदेव त्यागी व सचिव वरूण त्यागी का यह कार्यकाल काफी अच्छा माना जा रहा है। बार अध्यक्ष ब्रह्मïदेव त्यागी ने कई अच्छे कार्य कराए गए हैं। कचहरी परिसर की सबसे बड़ी समस्या पानी की निकासी का उन्होंने स्थाई समाधान करा दिया है। कई और समस्याएं थीं जिनका निदान भी ब्रह्मïदेव त्यागी करा चुके हैं। लोगों ने देखा कि सीवर का काम जब चल रहा था तो ब्रह्मïदेव त्यागी पूरा समय मौके पर ही खड़े रहते थे। उनका कार्यकाल सफल रहा है। अधिवक्ताओं को उम्मीद है कि वह समय पर ही चुनाव कराएंगे। बार चुनाव के वर्तमान हालात पर गौर करें तो अभी सचिव पद के संभावित उम्मीदवारों को लेकर चर्चाएं सुनने में आने लगी हैं। कुछ उम्मीदवार सामने आने भी लगे हैं। मगर अध्यक्ष पद पर अभी तक चुप्पी बनी हुई है। अंदाजा लगाया जा रहा है कि अध्यक्ष पद के संभावित उम्मीदवार दीपावली के बाद सामने आने शुरू होंगे। कार्यकारिणी, वरिष्ठ और कनिष्ठ उपाध्यक्ष आदि पदों के उम्मीदवारों ने धीरे धीरे प्रचार करना शुरू भी कर दिया है। कोषाध्यक्ष और कार्यकारिणी के दो पद महिला अधिवक्ताओं के लिए आरक्षित किए गए हैं। गाजियाबाद बार में महिला एवं युवा अधिवक्ताओं की संख्या बहुत अधिक है। बार चुनाव में दोनों वर्गों की भूमिका महत्वपूर्ण रहने वाली है। कचहरी परिसर में संभावित उम्मीदवारों के बैनर पोस्टर भी नजर आने लगे हैं।