गाजियाबाद (युग करवट)। समाजवादी पार्टी के नेता राजकुमार भाटी के कथित धर्म परिवर्तन की खबरें सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। एक वीडियो वायरल होने के बाद दावा किया गया कि उन्होंने हिंदू धर्म छोडक़र बौद्ध धर्म अपना लिया है। अब राजकुमार भाटी ने इन दावों को अफवाह बताते हुए सफाई दी है। उन्होंने कहा कि वह हिंदू धर्म में पैदा हुए थे और आज भी हिंदू हैं। बौद्ध धर्म के प्रति उनके मन में सम्मान है, लेकिन धर्म बदलने का न तो कोई इरादा है और न ही वह इसकी जरूरत समझते हैं। राजकुमार भाटी ने सोशल मीडिया पर बताया कि वह 20 अक्टूबर को दिल्ली के रानी झांसी रोड स्थित अंबेडकर भवन में भारतीय बौद्ध सभा के एक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए थे। यह कार्यक्रम विशाल धम्म दीक्षा समारोह था। यहां डॉ. भीमराव आंबेडकर की 22 प्रतिज्ञाएं दोहराई गईं। श्री भाटी भी मंच पर मौजूद थे और शपथ लेते दिखाई दिए थे।