देश में पहली बार आयोजित होगा सर्व सनातनी विशेष वैवाहिक परिचय सम्मेलन
गाजियाबाद (युग करवट)। अगर समाजसेवा की बात आये तो इस शहर में दो ऐसे नाम है जो निस्वार्थ लोगों के साथ सेवा भाव के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। एक नाम है परमार्थ समिति के प्रमुख वीके अग्रवाल एवं दूसरा नाम है बीके शर्मा हनुमान का। एक बार नहीं कई बार बीके शर्मा हनुमान ने धर्म और जाति से ऊपर उठकर मानवता को जिंदा रखते हुए कई सराहनीय कार्य किये हैं। कोरोना काल में अपनी जान की परवाह किये बिना बीके शर्मा हनुमान लोगों की सेवा में तत्पर रहे। अपने वाहन से लोगों को उनकी मंजिल तक पहुंचाया। और भी बहुत उदाहरण है। उनका स्वभाव और उनके व्यवहार के कारण उनका एक समाज में अलग ही सम्मान है। एक और समाजसेवी है वीके अग्रवाल। सरकारी सर्विस में रहते हुए भी उन्होंने लोगों की सेवा के लिए ना दिन देखा ना रात और सेवा निवृत्त होने के बाद वो पूरे टाइम समाजसेवा में लगे हुए हैं। गाजियाबाद में लगातार भंडारा करके गरीबों को खाना खिलाने की जो शुरूआत उन्होंने कई साल पहले की थी वो आज भी कायम है। इतना ही नहीं गरीबों के लिए कपड़ों की व्यवस्था भी की और नेकी की दीवार नाम से इस काम की शुरूआत की। देश में पहली बार उन्होंने वैश्य युवक-युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन किया जो देश नया प्रयास था और वो इतना सफल रहा कि देश भर के लोगों ने गाजियाबाद में आकर अपने रिश्ते तय किये। इतना बड़ा आयोजन होता था कि मानो ऐसा लगता था कि जैसे एक ही छत के नीचे पूरा समाज ही इकट्ठा हो गया हो। इस परिचय सम्मेलन सबसे अहम बात यह रही कि जो रिश्ते परिचय सम्मेलन में तय हुए उसमें कोई दरार नहीं आयी और वो हमेशा दाम्पत्य जीवन में खुश रहे। इसके बाद फिर अन्य जातियों के परिचय सम्मेलन शुरू हुए और फिर देश भर में अलग-अलग जातियों के सम्मेलन होते रहे। अब वीके अग्रवाल और बीके शर्मा हनुमान देश में एक ऐसी शुरूआत करने जा रहे हैं जो भारत में पहली बार हो रही है। २१ जून को देश में प्रथम बार सर्व सनातनी विशेष वैवाहिक परिचय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। ये आयोजन शहर के खूबसूरत फार्म हाउस इम्पीरियल गार्डन में होगा। २१ जून को सुबह साढ़े नौ बजे कार्यक्रम की शुरूआत होगी और साढ़े दस बजे से परिचय सम्मेलन शुरू होगा।
35 साल से ऊपर के लोग लेंगे भाग विधवा, तलाकशुदा भी शामिल
गाजियाबाद (युग करवट)। वीके अग्रवाल ने बताया कि अब तक ढाई सौ से अधिक रजिस्टे्रशन हो चुके हैं और इस परिचय सम्मेलन की विशेषता ये है कि इसमें केवल 35 साल से ऊपर के लोग ही भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि तलाकशुदा, विधवा और दिव्यांग लोग भी शामिल हैं। जो अब तक रजिस्टे्रशन हुए वो अब तक बागपत, बड़ौत दिल्ली व आसपास के जनपदों के लोग शामिल है। आधार कार्ड के आधार पर रजिस्टे्रशन किये गये हैं।