नोएडा (युग करवट)। वेतन वृद्धि की मांग को लेकर आक्रोशित श्रमिक उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से दी गई राहत के बाद भी मान नहीं रहे हैं। न्यूनतम वेतन में वृद्धि के बावजूद मंगलवार 6 वें दिन आंदोलन करते हुए श्रमिकों ने नोएडा के कुछ इलाकों में पथराव और तोडफ़ोड़ जैसी घटनाओं को अंजाम दिया। 80 प्रतिशत उद्योगपतियों ने कंपनियां बंद कर दी। श्रमिकों के आंदोलन के चलते उद्योगपति भी फैक्ट्री खोलने से घबरा रहे हैं। सेक्टर 70 में क्लियो काउंटी सोसाइटी के पास लोगों ने पथराव और तोडफ़ोड़ की है। पुलिस को भी निशाना बनाया गया है। सेक्टर 80 में भी सुबह लोग बेहद उग्र दिखे। सेक्टर 80 में कुछ फैक्ट्रियों के बाहर जुटे प्रदर्शनकारियों ने कानून को हाथ में लेने की कोशिश की। हालांकि, पहले से सतर्क पुलिस ने स्थिति को ज्यादा बिगडऩे नहीं दिया। 15 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया। अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात है। उपद्रव करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है।