प्रमुख अपराध संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। सिहानी गेट थाना क्षेत्र के नेहरूनगर में रहने वाली नवविवाहिता की हत्या जहर देकर कर दी गई। दहेज हत्या की इस वारदात की रिपोर्ट मृतका के भाई सतीश कुमार निवासी बी ५५९ पटेलनगर द्वितीय ने अपने बहनोई प्रशांत कुमार गोयल उर्फ दिपांशू, उसके पिता पवन कुमार गोयल व माता निवासी मकान नंबर ३७६ गली नंबर दो ब्रहï्मपुरी घूकना -एफ १३८ राकेश मार्ग नेहरूनगर के खिलाफ दर्ज कराई है। वादी सतीश कुमार ने बताया है कि उनकी बहन मीनू माथुर उर्फ वैष्णवी की शादी १९ फरवरी २०२६ को प्रशांत गोयल के साथ हुई थी। शादी में अपनी हैसियत के अनुसार दान दहेज भी दिया था। लेकिन प्रशांत गोयाल व उसके परिजनों ने शादी के दिन से ही उसकी बहन को प्रताडि़त करना शुरू कर दिया था। कुछ समय पूर्व प्रशांत व उसके माता पिता ने मीनू से पांच लाख की डिमांड करके उसका जीवन नरक कर दिया। इसी बीच प्रशांत कुमार उसकी बहन की हत्या करने की साजिश के तहत मीनू माथुर को उड़ीसा ले गया। लेकिन जब वह वहां मीनू की हत्या करने में सफल नहीं रहा तो उसने वापस लौटकर ११ अप्रैल की रात एक बजे उसकी बहन को जहर देकर मार डाला। पुलिस के अनुसार तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करके अग्रिम कार्रवाई करनी शुरू कर दी है।