सेवा संकल्प अभियान के तहत हुआ नमो सेवा:अनकही कहानियां नाट्य का मंचन
नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर चल रहे सेवा संकल्प अभियन के तहत पीएम के 25 वर्षो के सार्वजनिक जीवन एवं राष्टï्र सेवा की यात्रा पर आधारित नमो सेवा:अनकहीं कहानियां का नाट्य मंचन पंडित दीन दयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस दौरान डिप्टी सीएम ने सपा पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि जब भी राजनीति में मौका देने की बात आती है तो सपा परिवार के सदस्यों या पूंजी को चुनती है। सपा की राजनीति में परिवार और पूंजी का प्रभाव दिखाई देता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी आम कार्यकर्ताओं को अवसर देने के बजाय परिवार के लोगों और पूंजीपतियों को आगे करती है। उन्होंने समाजवादी पार्टी के स्वांग भरने वाली पार्टी बताया। वहीं, हवाई यात्रियों की जान बचाने वाले पायलट के सवाल पर पाठक ने उन्हें देश की शान बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के साहस और जिम्मेदारी से देश का गौरव बढ़ता है। भारत टैक्सी को लेकर वायरल बयान पर उपमुख्यमंत्री ने सफाई देते हुए कहा कि उनके बयान को विपक्ष ने तोड़-मरोडक़र पेश किया। उन्होंने कहा कि वह ई-रिक्शा नहीं, भारत टैक्सी की बात कर रहे थे। पाठक के मुताबिक भारत टैक्सी में वाहन मालिक ही सारथी और ड्राइवर बनने के साथ साझेदार व शेयरधारक भी हो सकता है।
डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की अद्वितीय यात्रा है। ‘नमो सेवा:अनकही कहानियाँ’ नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से उनके सार्वजनिक जीवन के विभिन्न पड़ावों, संघर्षों, संकल्पों और जनसेवा से जुड़े प्रेरणादायी प्रसंगों को प्रभावी ढंग से मंच पर जीवंत किया गया। उन्होंने कहा कि प्रस्तुति में गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक की प्रधानमंत्री की यात्रा को सेवा, सुशासन, जनकल्याण और राष्ट्रहित से जुड़े प्रसंगों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। संवाद, अभिनय, संगीत और भावपूर्ण दृश्यों के माध्यम से यह दिखाया गया कि किस प्रकार हमारे प्रधानमंत्री ने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में राष्ट्रसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का निरंतर प्रयास किया। डिप्टी सीएम ने कहा कि पीएम मोदी का जीवन सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना को साकार करने वाला है। कलाकारों द्वारा 25 मिटन की नाट्य प्रस्तुति में पीएम मोदी के जीवन प्रसंगों को मंच पर जीवांत किया गया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, सांसद अतुल गर्ग, विधायक अजीत पाल त्यागी, विधायक संजीव शर्मा, महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, प्रदेश मंत्री प्रवेन्द्र जागीड़, क्षेत्रीय मंत्री दीपक ऋषि, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मान सिंह गोस्वामी, पूर्व विधायक प्रशांत चौधरी सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता मौजूद रहे।