ड्राफ्ट सूची के बाद डीएम ने दी जानकारी
नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। जिला निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की है। इस सूची में वर्तमान में जिले में 23 लाख 24 हजार, 748 मतदाता हैं। इसके अलावा धौलाना विधानसभा आंशिक में एक लाख 38 हजार मतदाता शामिल हैं। थर्ड जेण्डर 131 हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि ड्राफ्ट सूची जारी होने के बाद 17 से 16 दिसंबर तक विशेष अभियान चलेगा जिसमें मतदाता सूची के सापेक्ष दावे, आपत्तियां मांगी जाएंगी। इसके अलावा 17 से 30 नवंबर तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता सूची को वेरीफाइ करेंगे। अगर किसी मतदाता का नाम सूची में शामिल नहीं है तो वह फार्म-6 भरकर जमा करा सकते हैं। इसके अलावा 21, 22, 28, 29 नवंबर को विशेष अभियान के तहत बीएलओ अपने सम्बंधित बूथ पर उपस्थित रहकर मतदाता सूची का वेरीफिकेशन कराएंगे। डीएम ने बताया कि एसआईआर अभियान के बाद जिले में मतदाताओं की संख्या 22 लाख 63 हजार 513 रह गई थी, जबकि एसआईआर से पूर्व जिले की पांचों विधानसभाओं में मतदाताओं की संख्या 28 लाख के करीब थी। इस तरह एसआईआर में पांच लाख के आसपास वोट कट गये थे। बाद में फिर नाम जोडऩे का अभियान चलाया गया जो १० अप्रैल २०२६ से १७ नवंबर तक चलाया गया। अब एसआईआर अभियान के बाद जिले में ६१ हजार २३५ मतदाता और बढ़े हैं और वर्तमान में अब गाजियाबाद में मतदाताओं की संख्या 23 लाख 24 हजार 748 हैं। उन्होंने बताया कि अब भी मतदाता सूची में कमियों को दूर करने एवं नए मतदाता जोडऩे के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है।
16 दिसंबर से मतदाता सूची को तैयार करने के बाद पांच जनवरी को मतदाता सूची का फाइनल प्रकाशन किया जाएगा। डीएम ने आम जन से अपील की है कि वह ईसीई नेट ऐप डाउनलोड कर घर बैठे अपना नाम मतदाता सूची में जांच लें। अगर किसी का मोबाइल नम्बर रजिस्टर्ड है, तो वह मोबाइल नम्बर के जरिए या फिर एपिक नम्बर से अपना नाम ऐप के जरिए आसानी से जांच सकता है। इसके अलावा अगर किसी को बूथ तलाशने में दिक्कत हो तो वह हेल्पलाइन नम्बर 1950 पर कॉल कर जानकारी ले सकता है। इसके अलावा तहसील, जिला निर्वाचन कार्यालय में भी फार्म-6 इस अभियान के बाद जमा कराए जा सकते हैं।
डीएम ने बताया कि नाम जोडऩे के लिए फार्म-6, नाम कटाने के लिए फार्म-7 और नाम ठीक कराने के लिए फार्म-8 भरकर दिया जा सकेगा। डीएम ने बताया कि सभी बीएलओ, सुपरवाइजर को इसके लिए प्रशिक्षण दिया जा चुका है। कम से कम पांच लाख फार्म मतदाता सूची में जोड़े जाने का लक्ष्य रखा गया है, लेकिन प्रयास रहेगा कि अधिक से अधिक पात्र लोगों के नाम जोड़े जाएंगे। इस मौके पर एडीएम फाइनेंस अंजनी कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट सतीश कुमार आदि मौजूद रहे।