आज से शुरू हुई स्वगणना
गाजियाबाद (युग करवट)। जनगणना-2027 के तहत आज से स्वगणना शुरू हो गई है। यह पहली डिजीटल जनगणना का दूसरा चरण है जो 16 से 30 नवंबर तक चलेगा। इसके बाद एक दिसंबर से प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना करेंगे। स्वगणना के माध्यम से लोग घर बैठे ही ऑनलाइन पोर्टल पर अपने परिवार और आवास से संबंधित जानकारी दर्ज कर सकेंगे। स्व गणना के लिए आधिकारिक पोर्टल एसईसेंसस जारी किया गया है। इस पर सबसे पहले भाषा का चयन और मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी से सत्यापन करना होगा। सत्यापन के बाद पसंदीदा भाषा चुनकर घर का पता, डिजिटल लोकेशन और परिवार के सभी सदस्यों का विवरण भरना होगा। फॉर्म जमा करने के बाद एक विशेष स्वगणना पहचान संख्या मिलेगी। इसे सुरक्षित रखना जरूरी है। जनगणना कर्मियों के घर पहुंचने पर उन्हें यह आईडी दिखानी होगी। स्वगणना अनिवार्य नहीं है। ऑनलाइन फॉर्म नहीं भरने वाले परिवारों का विवरण गणनाकर्मी घर जाकर दर्ज करेंगे। इस दौरान 40 सवालों के जवाबों को फार्म में भरना होगा। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वह जानकारी देते समय प्रगणक के साथ बैंक पासवर्ड, बैंक एकाउंट डिटेल, ओटीपी, यूपीआई पिन साझा न करें। अगर किसी भी प्रगणक द्वारा इसकी जानकारी मांगी जाती है तो इसकी शिकायत करें।