नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। 15 अगस्त को देश आजाद हुआ था लेकिन उससे पहले लोगों ने विभाजन की त्रासदी को झेला था। विभाजन की इसी त्रासदी से आज की पीढ़ी को रूबरू कराने के लिए कविनगर रामलीला मैदान में जिला प्रशासन व सिविल डिफेंस द्वारा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान त्रासदी से जुडे संस्मरण की एक प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी का शुभारंभ फीता काटकर राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार नरेन्द्र कश्यप ने किया।
इसके उपरांत उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और मौजूद छात्रों को बताया कि देश को आजादी इतनी आसानी से नहीं मिली है। आजादी के लिए जहंा हमारे क्रांतिकारियों ने खून बहाया है वहीं देश के विभाजन के दौरान लाखों लोगों को पलायन करना पड़ा तो हजारों को अपनी जान गंवानी पड़ी। इस विभीषिका को दर्शाती यह तस्वीर हैं। इसलिए इस आजादी का सम्मान करेंं। इसके उपरांत जानकी भवन में आयोजित गोष्ठी में भी वक्ताओं ने अपने विचार रखे।
विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि गोष्ठी में सम्मिलित हुए और विभाजन की त्रासदी पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम के दौरान शहीद परिवारों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सीडीओ कुमार सौरभ, एडीएम सिटी विकास कश्यप, डीडीओ प्रज्ञा श्रीवास्तव,चीफ वार्डन ललित जायसवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता जगदीश साधना, सरदार एसपी सिंह, गुलशन भाम्बरी, अनिल अग्रवाल, दीपक अग्रवाल,दिव्यांशु सिंघल आदि मौजूद रहे।