नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। दिव्यांगों के बनाए उत्पादों को बढ़ावा देने और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में विकास भवन परिसर में दिवाली दिव्यांगजन मेले का आयोजन किया गया। मेले में विभिन्न दिव्यांग जन केन्द्र व स्कूलों में पढऩे वाले दिव्यांगजनों व महिला समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों के स्टॉल इस मेले में लगाए गए। विशेषकर दिवाली की सजावट से डिजाइनर दीए, कैंडल, झालर, रेडीमेड रंगोली, पेटिंग्स, प्लांट्स, कपड़े आदि के स्टॉल लगाए गए।
सरकारी विभागों की योजनाओं की जानकारी देने वाला स्टॉल भी लगाया गया। इसके अलावा चाट-गोलगप्पे का भी स्टॉल लगाया गया। दिव्यांगों के उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए बड़ी संख्या में लोगों ने इन स्टॉलों से खरीददारी की।
दिवाली मेले में इंग्राहम स्पेशल स्कूल, नींव शक्ति केन्द्र, भागीरथी स्पेशल स्कूल, आंनद ट्रेनिंग सेन्टर आदि केन्द्रों के दिव्यांग बच्चों ने स्टॉल लगाए। जिला दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी अंशुल चौहान ने बताया कि दिव्यांगों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उनके द्वारा तैयार उत्पादों को एक मंच देने के लिए मेले का आयोजन किया गया है। लोग यहां खरीददारी करें ताकि इन्हें प्रोत्साहन मिल सके।