इंदिरापुरम थाने की वसुंधरा पुलिस चौकी पर हुए ब्लास्ट का मामला
गाजियाबाद (युग करवट)। इंदिरापुरम थाने की वसुंधरा पुलिस चौकी में धमाके से जुड़ी एक पोस्ट सोशल मीडिया वायरल हो रही है। पोस्ट में चौकी में हुए धमाके की जिम्मेदारी ली गई है। गाजी-2 नाम के एक अकाउंट से यह पोस्ट की गई है। पोस्ट में तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान नाम के संगठन की ओर से चौकी को निशाना बनाने की जिम्मेदारी ली गई है। हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल इस पोस्ट की पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल गाजियाबाद पुलिस सोशल मीडिया पर हुई इस पोस्ट की जांच कर रही है। वीडियो के साथ संगठन की ओर से अंग्रेजी में एक संदेश भी पोस्ट किया गया है। वीडियो में नकाब पहने एक व्यक्ति दिखाई दे रहा है। वह पहले उर्दू में बोलता सुनाई देता है। इसके बाद हिंदी में धमाके की जिम्मेदारी लेने का दावा करता है। व्यक्ति वीडियो में कहता है कि संगठन ने भगवा हुकूमत के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस को निशाना बनाया है। उसने पुलिस, सेना और न्यायपालिका पर भी आरोप लगाए हैं। साथ ही अपने घर की हिफाजत करने का अधिकार होने की बात कही है। वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस और जांच एजेंसियां सक्रिय हो गईं। इस घटना के तार कौशांबी में पकड़े गए सिलिपर सेल से भी जोड़े जा रहे हैं। क्योंकि तब भी गाजी-2 का नाम सामने आया था। यह भी बताया जा रहा है कि एलिवेटिड रोड़ पर एक स्कूटी बरामद हुई है।
साइबर सेल को भी जांच में लगाया गया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि रात में जिस सोशल मीडिया अकाउंट से वीडियो और संदेश पोस्ट किए गए थे, उसे बाद में डिलीट कर दिया गया।

यह था पूरा मामला
इंदिरापुरम थाने की वसुंधरा चौकी में शुक्रवार रात करीब 10 बजे हुए धमाके से दो अलग-अलग कमरों में लगी दो खिड़कियां टूट गई, जबकि दीवार में भी दरार आ गई। धमाका इतना तेज था कि चौकी परिसर में अफरा तफरी मच गई। इस दौरान डिलीवरी बॉय झुलस गया। पुलिस धमाके की वजह एसी में ब्लास्ट होने की बात कह रही है। हालांकि शुरूआत में एसी में विस्फोट होने की बात कही गई थी। बाद में पटाखों की वजह से घटना होना बताया गया।
जांच के बाद साफ होगी तस्वीर: सीपी
पुलिस कमिश्नर जे रविन्द्र गौड ने मौके पर पहुंच कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने मीडिया को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। श्री गौड ने बताया कि घटना स्थल पर सभी एजेंसियां जांच कर रही हैं। जांच के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकता है। इस घटना में एक कूरियर बाय घायल हुआ है। समय वहां पुलिसकर्मी मौजूद थे, लेकिन उन्हें कोई चोट नहीं आई। कांच का एक टुकड़ा लगने से एक डिलीवरी बॉय के सिर में चोट आई, जिसे अस्पताल ले जाया गया। अब वह पूरी तरह स्वस्थ है। बम स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर सैंपल लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेज दिया गया है।
चिंता ना करें, त्यौहार मनाएं: विधायक
लोनी के विधायक नंद किशोर गुर्जर ने धमाके के बाद कहा कि 72 हूरों के पास इन जिहादियों को भेजना का काम गाजियाबाद पुलिस करेगी। दीपावली पर कोई किसी प्रकार की चिंता न करे, आराम के साथ आनंद के साथ अपना त्योहार बनाएं। इन जिहादियों को ऐसा जवाब मिलेगा कि इनकी सात पीढिय़ां भूल जाएंगी, इनको पाकिस्तान में भी घुसकर मारना पड़ा तो मोदी सरकार ये काम करेगी। लोग भरोसा रखें।