गाजियाबाद (युग करवट)। गाजियाबाद लोहा विक्रेता मंडल की कार्यकारिणी की बैठक अध्यक्ष अतुल कुमार जैन की अध्यक्षता में हुई। बैठक में लोहा मंडी क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं व्यापारियों के हितों तथा औद्योगिक क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर गंभीर मंथन किया गया। बैठक में व्यापारियों ने जीएसटी विभाग की सचल दल की कार्रवाई एवं बिना पर्याप्त आधार के जारी किए जा रहे नोटिसों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। सदस्यों ने कहा कि ऐसे मामलों से व्यापारियों में अनावश्यक भय और असमंजस की स्थिति हो रही है। मंडल ने निर्णय लिया कि इस विषय पर विभागीय अधिकारियों से शीघ्र वार्ता कर व्यापारियों की समस्याओं का व्यावहारिक समाधान कराया जाएगा। व्यापारियों ने लोहा मंडी क्षेत्र में नालों और नालियों की नियमित सफाई न होने, जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे रहने तथा स्वच्छता व्यवस्था की बदहाली पर भी रोष व्यक्त किया। बैठक में चौराहों पर स्पीड ब्रेकर स्थापित करने तथा मुख्य सडक़ों से जुडऩे वाले असमतल जॉइंट्स की मरम्मत कर उन्हें समतल कराने की मांग भी उठाई गई। मंडल ने 15 अगस्त को तारा स्टील चौक पर स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाने का निर्णय लिया। बैठक में अध्यक्ष अतुल कुमार जैन, अंबरीश जैन, सतीश बंसल, दीपक सिंघल, मोहनलाल अग्रवाल, गौरव मिगलानी, अनुराग अग्रवाल, गिरीश मेहंदीरत्ता, सुरेश चंद्र गुप्ता, सुशील कुमार अग्रवाल, सौरभ गोयल, नीरज शर्मा, विकास जैन, ओपी कंसल उपस्थित रहे।