गाजियाबाद (युग करवट)। फिल्म हनुमान अंश में मैंने तेरे लिए ही हनुमान, सागर में नैय्या डाल दई गीत गाकर मध्यप्रदेश के सागर जिले के अगरा गांव के सुनील लोधी को देश ही नहीं दुनिया भर में लोग जानने लगे हैं। सुनील बचपन से ही नेत्रहीन हैं, लेकिन गीत-संगीत सीखने की रुचि हमेशा से रही। इसी लिए 9 साल की उम्र से ही वे बुजुर्गों के साथ बैठकर तंबूरा बजाना सीखने लगे। उनका कहना है कि हनुमान जी की कृपा से जिस तरह उनकी आवाज को लोगों ने पसंद किया है, ऐसा उन्होंने कभी नहीं सोचा था। सुनील लोधी आज नगर निगम मुख्लाय पर पहुंचे यहां नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक व अपर नगर आयुक्त डा अनुज ने भगवान हनुमान की प्रतिमा भेंट कर उनका स्वागत किया। सुनील लोधी ने कहा कि मेरे जीवन में जो सबसे बड़ा योगदान है। वो मोरे संकट के कटैया गाने का है। इसमें मेरे मामा रोहित साहू का सबसे बड़ा योगदान है। उन्होंने ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर डाला था। लोकगीत में जहां हम लोग ढोल के साथ गाना गा रहे थे उसका वीडियो उन्होंने सोशल मीडिया पर डाला। इसके बाद मेरी जिंदगी बदल गई। उन्होंने कहा, मामा मेरे गांव के पास रहते हैं। उन्होंने ही साल 2019 से सोशल मीडिया पर मेरे गाए हुए लोकगीतों को डालना शुरू किया था। अब जो सफलता मेरे पास है। उसके लिए मैं इन्हें ही ‘संकट कटैया’ कहता हूं, क्योंकि मुझे तो बचपन से ही कुछ भी दिखाई नहीं देता है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री ने उन्हें बुलाया और उनका गीत भी सुना। उन्होंने उनके उपचार के लिए भी कहा था। अब मैं यहां आया हूं तो मेरा मन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मिलने का है। मेरी आवाज अगर योगी जी तक पहुंच जाए और अगर वे मुझे बुला लें तो यह मेरा सौभाग्य होगा। इस मौके पर नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक, डा अनुज, पार्षद अमित त्यागी, मनोज त्यागी, प्रदीप चौधरी, संजय त्यागी, अंकुश अरोड़ा, मनोज गोयल आदि मौजूद रहे।