नोएडा (युग करवट)। थाना बीटा- दो पुलिस ने एनआरआई सिटी के पास से एक चीनी नागरिक सॉन्ग जियाओमी उम्र करीब 38 वर्ष को गिरफ्तार किया है। यह ग्रेटर नोएडा के जेपी ग्रीन सोसाइटी में रह रहा था। जांच की गई तो पता चला कि वह एक वर्ष के लिए 26 जून वर्ष 2019 से 25 जून वर्ष 2020 तक के वैध वीजा पर भारत आया था। वीजा की अवधि खत्म होने के बाद वह अवैध रूप से भारत में रहने लगा। वीजा एक्सपायर होने के बाद फर्जी आधार कार्ड बनवाया। आधार कार्ड के आधार पर उसने पैन कार्ड और अन्य दस्तावेज बनवा लिया, तथा वह जेपी ग्रीन सोसायटी ग्रेटर नोएडा में रहने लगा। उन्होंने बताया कि जांच में यह भी पता चला है कि इसने पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर की रहने वाली एक युवती से शादी भी कर ली। इसकी एक तीन वर्ष की बेटी है, तथा यह अपनी पत्नी के नाम से कंस्ट्रक्शन कंपनी चलाता है।