गाजियाबाद (युग करवट)। नगर निगम द्वारा हाउस टैक्स में की गई वृद्धि के विरोध में हाउस टैक्स विरोधी संघर्ष समिति के नेतृत्व में नवयुग मार्केट में व्यापारियों द्वारा चलाया जा रहा धरना तीसरे दिन भी लगातार जारी रहा। धरने के तीसरे दिन व्यापारियों ने अपनी बाजुओं पर काली पट्टी बांधकर नगर निगम के निर्णय के प्रति आक्रोश एवं विरोध दर्ज कराया। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में व्यापारी एकत्रित हुए और नगर निगम द्वारा हाउस टैक्स में की गई अप्रत्याशित वृद्धि को तत्काल वापस लेने की मांग की। व्यापारियों का कहना है कि पहले से ही महंगाई, आर्थिक दबाव, विभिन्न प्रकार के सरकारी शुल्क एवं व्यापार में बढ़ती प्रतिस्पर्धा के कारण व्यापारी वर्ग अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे समय में हाउस टैक्स में भारी वृद्धि करना व्यापारियों एवं आम नागरिकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने वाला निर्णय है। धरना स्थल पर उपस्थित व्यापारियों एवं विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि जब तक बढ़ा हुआ हाउस टैक्स वापस नहीं लिया जाता, तब तक संघर्ष समिति का आंदोलन जारी रहेगा। धरने में राजकिशोर गुप्ता, गौरव गर्ग, रजनीश बंसल, सुभाष गुप्ता, सूरज बतरा, हरविंदर गांधी, बाल किशन गुप्ता, सोनू मावे वाले, नसीम खान, राकेश काका, विनय सिंघल, रमेश खजांची, तिलक राज अरोड़ा, सतीश चोपड़ा, संदीप त्यागी, परमा नन्द गर्ग, अमित वर्मा, अनिल गुलाटी, राजीव गोयल, सतीश शर्मा, बिजेन्द्र यादव, सुनील, जाकिर कुरैशी, अभिषेक गर्ग, दिनेश गोयल, अमरीश कुमार त्यागी, प्रभाकर त्यागी, सुनील दत्त, सौरभ गर्ग, पंकज भारद्वाज, सचिन शर्मा, लोकेश बंसल आदि उपस्थित रहे।