प्रमुख अपराध संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। मुरादनगर थाना क्षेत्र में रहने वाले मुस्लिम भाइयों ने गंगा-यमुना संस्कृति की अटूटता की मिसाल पेश करते हुए न केवल कांवडिय़ों पर काफी देर तक पुष्पवर्षा की बल्कि शिवभक्तों को प्रसाद भेंट करते हुए उनकी सेवा भी की। इस अवसर पर डीसीपी रूरल सुरेंद्रनाथ तिवारी भी वहां पर उपस्थित रहे। मुस्लिम समाज द्वारा समाजसेवी ताज चौधरी की अगुवाई में की गई कांवडिय़ों की सेवा से अभिभूत होकर कहा कि ऐसे आयोजन जहां भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द को मजबूत करते हैं वहीं आपसी विश्वास, शांति एवं सदï्भावना को भी सुदृढ़ करते हैं। आपको बता दें कि ताज चौधरी हर वर्ष कांवड़ यात्रा पर शिवभक्तों का स्वागत करते हैं। कल शुक्रवार की नमाज के बाद मुरादनगर मस्जिद के सामने सभी मुस्लिम समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में शिवभक्तों का स्वागत किया। इस अवसर पर डीसीपी रूरल सुरेंद्र नाथ तिवारी ने मुस्लिम समाज के लोगों द्वारा की गई इस सेवा की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज को एकसूत्र में बांधने का काम भी करते हैं। उधर कांवडिय़ों की सेवा व सहयोग करने वाले मुस्लिम समाज के लोगों की अगुवाई कर रहे ताज चौधरी ने कहा कि वह सदैव गंगा जमुनी तहजीव को और मजबूत करने के पक्षधर रहे हैं।
उनका समाज ऐसे धार्मिक आयोजना में सदा से बढ़ चढक़र हिस्सा लेता रहा है।