गाजियाबाद (युग करवट)। विश्व प्री मैच्योरिटी दिवस पर एनएनएफ उत्तर प्रदेश और यशोदा अस्पताल नेहरू नगर द्वारा वॉकाथान का आयोजन किया गया। इस वॉकाथान के जरिए समय से पूर्व जन्म लेने वाले बच्चों के स्वास्थ्य, देखभाल और उनके बेहतर भविष्य के प्रति जागरूक किया।
उत्तर प्रदेश एनएनएफ के अध्यक्ष डॉ.आशीष प्रकाश ने कहा कि भारत में प्रतिवर्ष लगभग 30 लाख बच्चे समय से पूर्व जन्म लेते हैं। आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के कारण इन बच्चों के जीवित रहने की संभावना में काफी सुधार हुआ है, लेकिन इनमें से कई बच्चों को आगे चलकर आंखों, कानों, शारीरिक वृद्धि और मस्तिष्क के विकास से संबंधित समस्याएं हो सकती हैं। चिकित्सकों ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि एनआईसीयू से छुट्टी मिलने के बाद भी इन बच्चों की नियमित देखभाल अत्यंत आवश्यक है। समय पर आंखों एवं सुनने की क्षमता की जांच, उचित पोषण, मां का दूध, कंगारू मदर केयर तथा विकास संबंधी नियमित जांच इनके स्वस्थ भविष्य के लिए महत्वपूर्ण हैं। इस मौके पर डॉ.सचिन दुबे, डॉ.अरूण कुमार, डॉ.राजीव गर्ग, डॉ.श्रेयस जैन सहित वरिष्ठ चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, अभिभावकों ने भाग लिया।