स्नान के साथ ही व्रतियों ने शुरू किया छठ व्रत
नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। नहाय खाय के साथ ही आज से चार दिवसीय सूर्य उपासना का छठ पर्व शुरू हो गया है। सुबह सवेरे व्रतियों ने गंगा स्नान कर यह कठिन व्रत आरंभ किया। इसके लिए सुबह से ही हिंडन नदी, गंग नहर सहित अन्य घाटों पर व्रतियों की भीड़ उमड़ी। गंगा स्नान के बाद व्रतियों ने छठ व्रत का संकल्प कर छठी मैया का पूजन किया गया।
बता दें कि गाजियाबाद में बड़ी संख्या में बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश के लोग निवास करते हैं, जो पर्व पर अपने घर नहीं जा पाते, और यहीं धूमधाम से यह पर्व मनाते हैं। सुबह सवेरे ही व्रती स्नान के लिए घाटों पर पहुंचना शुरू हो गए थे। छठ पर्व के पहले दिन नहाय- खाय की परंपरा होती है। व्रतियों ने सुबह जल्दी उठकर पहले स्नान किया और साफ कपड़े पहनकर भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा करते हुए व्रत का संकल्प लिया। इसके बाद घर पहुंचकर साफ-सफाई की और रसोई की सफाई के उपरांत कद्दू भात और चने की दाल का प्रसाद बनाकर भगवान भास्कर को भोग लगाया व अन्य परिवार के सदस्यों को वितरण के बाद व्रती ने प्रसाद ग्रहण किया। पूर्वांचल समाज में छठ महापर्व का विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। छठी मैया को संतान सुख और संतान की रक्षा करने वाली देवी के रूप में पूजा जाता है। श्रद्धालुओं की मान्यता है कि सच्चे मन से की गई छठी मैया की आराधना से मनोकामनाएं पूरी होती हैं। यही वजह है कि हर वर्ष लाखों श्रद्धालु पूरी श्रद्धा, भक्ति और आस्था के साथ इस महापर्व को मनाते हैं। गाजियाबाद के छोटा हरिद्वार में भी नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व की शुरुआत पर भक्तिमय माहौल देखने को मिल रहा है। कल खरना होगा जिसमें गुड़ की खीर का प्रसाद बनाया जाएगा व उसके बाद व्रती का 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू होगा जो 15 नवंबर को उगते सूर्य को अघ्र्य देने के साथ ही सम्पन्न होगा।
छठ पूजन सामग्री की बाजारों में हो रही जमकर खरीददारी
सूर्य उपासना का सबसे बड़ा पर्व छठ पूजा आज से नहाय खाय के साथ शुरू हो गई है। छठ पूजा में सूर्य को अघ्र्य देने के लिए विशेष सामग्री का इस्तेमाल होता है। प्रकृति को समर्पित इस व्रत में इस्तेमाल होने वाली सभी सामग्री प्राकृतिक होती हैं। बाजारों में इन दिनों छठ पूजन की सामग्री की व्रती जमकर खरीददारी कर रहे हैं। पूजन में बांस की टोकरी, बांस का सूप, केला, सेब, अमरूद, शकरकंदी, पानी वाला नारियल, डाभ नींबू्र, नाशपाती, पपीता, गन्ना, सिंघाडा, शरीफा, सुतनी, नारंगी, पत्ते लगे गन्ने, दूब घास, अक्षत, दीपक, अगरबत्ती, कपूर, सिंदुर, शहद, चंदन, कलावा, पान के पत्ते, सुपारी, कच्ची हल्दी, अदरक, मूली, गुड़ व आटे से बना ठेकुआ प्रसाद, चावल के लड्डू, अघ्र्य देने के लिए दूध का इस्तेमाल होता है। बाजार में जगह-जगह पूजन सामग्री की बिक्री हो रही है।