गाजियाबाद (युग करवट)। यशोदा मेडिसिटी द्वारा 22 नवंबर को यशोदा हाफ मैराथन 4.0 का आयोजन किया जा रहा है। ‘रन फॉर योर हार्ट’ थीम पर आयोजित होने वाली इस हाफ मैराथन की टी शर्ट और फिनिशर मेडल का अनावरण यशोदा मेडिसिटी में एक प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़ और डीसीपी ऋजुल, यशोदा मेडिसिटी के चेयरमैन डॉ.पीएन अरोड़ा, रेडिसन ब्लू कौशांबी के सीईओ नवनीत जैन ने किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि यशोदा हाफ मैराथन 4.0 जैसी सामुदायिक पहल लोगों को एक साझा उद्देश्य के लिए एकजुट होने का अवसर प्रदान करती हैं। एक स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए फिटनेस को बढ़ावा देना और निवारक स्वास्थ्य देखभाल के प्रति जागरूकता फैलाना बेहद जरूरी है। यशोदा मेडिसिटी के प्रयास सराहनीय हैं। इस अवसर पर डॉ. पीएन अरोड़ा ने कहा कि हृदय स्वास्थ्य पर ध्यान देना केवल तभी जरूरी नहीं होता, जब किसी व्यक्ति में बीमारी के लक्षण दिखाई देने लगे या उसे चिकित्सा सहायता की आवश्यकता पड़े। इसके लिए नियमित रूप से बचाव, जागरूकता और रोजमर्रा की जीवनशैली से जुड़े विकल्पों पर ध्यान देना बेहद जरूरी है। यशोदा हाफ मैराथन 4.0 ‘रन फॉर योर हार्ट’ के माध्यम से हमारा उद्देश्य लोगों को उनके स्वास्थ्य की रक्षा में शारीरिक गतिविधियों की अहम भूमिका के प्रति जागरूक करना और फिटनेस को उनके जीवन का एक अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना है। डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़ ने कहा कि यशोदा हाफ मैराथन 4.0 जैसी पहलें लोगों को अपनी फिटनेस को प्राथमिकता देने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करती हैं। यह हाफ मैराथन 22 नवंबर को सुबह 5.30 बजे शुरू होगी। जिसमें क्षेत्र भर से धावक सहित करीब चार हजार प्रतिभागी शामिल होंगे। हाफ मैराथन एलिवेटेड रोड से होगी। जिसमें चार श्रेणियां होगी। पहली मैराथन 21.1 किलोमीटर, दूसरी 10 किलोमीटर, तीसरी पांच किलोमटर और चौथी का रन 3 किलोमीटर का होगा। सभी दौड़ सिंगल लूप मार्ग पर होगी। हाफ मैराथन के लिए छह किलोमीटर, 15 किलोमीटर पर यू टर्न, दस किलोमीटर के लिए पांच किलोमीटर पर, पांच किलोमीटर पर ढाई किलोमीटर और तीन किलोमीटर पर डेढ़ किलोमीटर पर यू टर्न होगा। 21.1 किलोमीटर रेस के पहले विजेता को 11 हजार, दूसरे को 7100 और तीसरे को 5100 का नगद पुरस्कार मिलेगा। दस किलोमीटर रेस के पहले विजेता को 7100, दूसरे को 5100, तीसरे को 3100, पांच किलोमीटर रेस के विजेता को 5100, दूसरे को 3100 और तीसरे को 2100 रूपए का पुरस्कार व मेडल दिया जाएगा। तीन किलोमीटर रेस को फन रन के तौर पर आयोजित किया जा रहा है।