लखनऊ (युग करवट)। प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में 21 दिसंबर से निपुण आकलन शुरू होगा। इसके तहत कक्षा एक और दो के विद्यार्थियों का दो चरणों में मूल्यांकन किया जाएगा। आकलन के जरिए बच्चों की भाषा और गणित विषयों में सीखने की क्षमता का आकलन किया जाएगा। इसके आधार पर यह तय होगा कि कितने विद्यार्थी निपुण लक्ष्य हासिल कर चुके हैं। मूल्यांकन में भाषा और गणित विषयों से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे। निर्धारित मानकों के अनुसार दोनों विषयों में 75 फीसदी या इससे अधिक सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को निपुण माना जाएगा। इसके लिए विद्यालयों में निर्धारित प्रक्रिया के तहत दो चरणों में आकलन कराया जाएगा। इस आकलन का उद्देश्य विद्यार्थियों के बुनियादी भाषा और गणितीय कौशल की स्थिति जानना है। इसके जरिए यह भी पता चलेगा कि बच्चों को पढऩे, लिखने और गणित की बुनियादी समझ विकसित करने में कहां कठिनाई आ रही है। आकलन के परिणामों के आधार पर कमजोर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त शिक्षण की व्यवस्था करने में मदद मिलेगी।