लखनऊ (युग करवट)। उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर बीजेपी ने एक बड़े अभियान की तैयारी की है। पार्टी ने अगले एक महीने में प्रदेश के हर एक बूथ पर मतदाता जोड़ो अभियान चलाने का फैसला किया है। आज लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में बीजेपी ने इस मुद्दे पर प्रदेश स्तरीय कार्यशाला की। बीजेपी 16 से 18 नवंबर तक जिला स्तरीय बैठकें भी करने वाली है। 19-21 नवंबर तक बीजेपी विधानसभा स्तर पर बैठक करने वाली है। इस बैठक में सांसद, विधायक, एमएलसी, जिला पंचायत अध्यक्ष, मेयर, ब्लॉक प्रमुख और अन्य जनप्रतिनिधियों को शामिल किया जाएगा। बीजेपी मतदाताओं के नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म 6 और फॉर्म 8 का भी वितरण करने वाली है। कार्यकर्ताओं को ऑनलाइन और ऑफलाइन फॉर्म भरने की प्रक्रिया के बारे में समझाया जाएगा। मतदाताओं को सुविधाजनक स्थान पर नाम स्थानांतरित कराने के लिए फॉर्म-8 भरवाया जाएगा। बीजेपी 22-24 नवंबर तक विशेष मतदाता जोड़ो अभियान भी करने वाली है। पार्टी हर एक बूथ पर यह अभियान चलाएगी।