गाजियाबाद (युग करवट)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव डासना स्थित जिला कारागार पहुंचे। यहां उन्होंने जेल में बंद समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता आज़म खान से मुलाकात की। शिवपाल यादव के आगमन पर सैकड़ों की संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। जेल पहुंचने पर जेल प्रशासन ने मीडिया कर्मियों को कारागार के पहले गेट के बाहर ही रोक दिया। मीडिया को कारागार के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई। जेल अधीक्षक सीताराम शर्मा ने इस मुलाकात के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आज़म खान की मुलाकात जेल के निर्धारित नियमों के अनुसार ही कराई गई है। जेल के बाहर आने के बाद शिवपाल यादव ने कहा कि शासन स्तर से आजम खां और उनके परिवार का उत्पीडऩ किया जा रहा है। अब केवल अदालत पर ही भरोसा है। उन्होंने कहा कि आजम खां से अगले विधानसभा चुनाव को लेकर भी चर्चा हुई है। चुनाव में सपा बहुमत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि जेल में सपा के वरिष्ठ नेता से उनकी मुलाकात जाली के माध्यम से कराई गई है।