जयपुर (युग करवट)। फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की अंतरराष्ट्रीय उड़ान एआई-2030 में उस वक्त हडक़ंप मच गया जब विमान के पायलट से गलती से बटन दबा था, जिससे अचानक हाईजैक का अलर्ट जारी हो गया। सूत्रों के मुताबिक, पायलट की इस गलती के बाद अहमदाबाद एटीसी को स्क्वाक-7500 कोड का अलर्ट मिला। सिग्नल मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं और आनन-फानन में फ्लाइट को जयपुर डाइवर्ट कर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। हालांकि, पायलट से गलती हुई या किसी टेक्निकल ग्लिच और फॉल्ट की वजह से ऐसा हुआ, इस एंगल पर भी तफ्तीश की जा रही है। अलर्ट जारी होते ही सुबह करीब 9:45 बजे एयर इंडिया की इस फ्लाइट को जयपुर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के आइसोलेशन बे पर ले जाया गया. आइसोलेशन बे एयरपोर्ट का वह सुरक्षित हिस्सा होता है जहाँ किसी भी संभावित सुरक्षा खतरे या हाईजैक की सूचना पर विमान को बाकी टर्मिनल से दूर पार्क किया जाता है। विमान के उतरते ही सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी।