दिल्ली (युग करवट)। यशोदा मेडिसिटी के क्रेडल एंड चिल्ड्रन्स अस्पताल द्वारा यशोदा मॉम-टू-बी कार्निवाल का आयोजन किया गया। जिसमें होने वाले माता-पिता ने विशेषज्ञों से मां और बच्चे की सेहत से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। इस दौरान विभिन्न सत्रों का आयोजन किया गया जिसमें प्रसव की तैयारी, गर्भावस्था के दौरान और उसके बाद शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य, स्तनपान और नवजात शिुश की देखभाल जैसे विषयों पर चर्चा की गई। कार्निवाल के दौरान विभिन्न खेलों और केक कटिंग सेरेमनी भी की गई। यशोदा ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स के चेयरमैन व मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ.पीएन अरोड़ा ने कहा कि माता-पिता बनने की तैयारी के लिए भरोसेमंद मेडिकल जानकारी, व्यावहारिक मार्गदर्शन और भावनात्मक सहयोग की ज़रूरत होती है। ‘यशोदा मॉम-टू- बी कार्निवल’ जैसी पहलों के ज़रिए हमारा उद्देश्य परिवारों को मातृ एवं नवजात शिशु की देखभाल को बेहतर ढंग से समझने में मदद करना और उन्हें इस नए दौर का आत्मविश्वास के साथ सामना करने के लिए तैयार करना है।
ऑब्सटेट्रिक्स एंड गायनोकोलॉजी यशोदा मेडिसिटी की प्रिंसीपल डायरेक्टर डॉ.जेबी शर्मा ने कहा कि नियमित मेडिकल चेकअप के साथ-साथ होने वाले माता-पिता को बच्चे के जन्म, प्रसव के बाद रिकवरी, स्तनपान और नवजात शिशु की देखभाल से जुड़ा मार्गदर्शन भी चाहिए। यह कार्निवाल उनकी चिंताओं को दूर करने के लिए हैं। कार्यक्रम में ऑब्सटेट्रिक्स गायनेकोलॉजी प्रिंसीपल कंसल्टेंट डॉ.वंदना जैन, पीडियाट्रिक सर्जरी और पीडियाट्रिक यूरोलॉजी की प्रिंसीपल डायरेक्टर डॉ.मीनू बाजपेई, पीडियाट्रिक्स के डायरेक्टर हेड डॉ.नरेन्द्र कुमार झा भी शामिल हुए।