लखनऊ (युग करवट)। पशुधन प्रसार अधिकारी भर्ती घोटाले में ईओडब्ल्यू ने तत्कालीन प्रमुख सचिव योगेश कुमार को गिरफ्तार किया है। वर्ष 2014 में प्रदेश के 17 मंडलों में पशुधन प्रसार अधिकारियों के 1198 पदों पर भर्ती की गई थी। दो फरवरी 2014 को आयोजित परीक्षा के बाद हुई इस भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं के आरोप लगे थे। मामले की जांच में भर्ती नियमों को दरकिनार कर ओएमआर शीट का मूल्यांकन केंद्रीकृत तरीके से कराने और मंडलीय चयन समितियों के अधिकार समाप्त करने जैसे तथ्य सामने आए थे। भर्ती के समय राजकिशोर सिंह प्रदेश के पशुधन मंत्री थे। तत्कालीन प्रमुख सचिव योगेश कुमार भर्ती प्रक्रिया के दौरान शासन में प्रमुख पद पर तैनात थे। मामले की विवेचना में योगेश कुमार की भूमिका के सुबूत मिले। इसी आधार पर उनकी गिरफ्तारी की गई है। योगेश कुमार 1980 बैच के आईएएस अधिकारी हैं।