गाजियाबाद (युग करवट)। विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुए झगड़े की पांच घटनाओं में जहां एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए, वहीं लाठी, डंड़े, पत्थर व धारदार हथियारों के उपयोग के अलावा गोलीबारी भी हुई। इन घटनाओं की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची संबंधित थानों की पुलिस ने घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराकर जांच करनी शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र की संजयनगर कॉलोनी के ई ब्लॉक में रहने वाले इदरीश व उनके दामाद अफाक पर पड़ोस में रहने वाले उसैद पक्ष ने हमला बोलकर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायलों ने बताया कि यह मारपीट उस समय हुई कि जब अफाक ने उसैद को उनके दरवाजे पर खड़ी साईकिल हटाने के लिये बोला। कविनगर थाना क्षेत्र की आरडीसी में युवती से अभद्रता करने वाले युवकों का विरोध होने पर उन्होंने हमला बोल दिया। इस झगड़े में युवती समेत चार लोग घायल हुए। वेव सिटी थाना क्षेत्र अंतर्गत डासना के मौहल्ला कुरैशियान में रहने वाले तौकीर अहमद व दूसरे पक्ष अब्दुल, फरमान, अमन उर्फ फरहान, नासिर,आरिफ, सलमान, सलीम व अनस आदि के बीच न केवल जमकर झगड़ा हुआ बल्कि पत्थरबाजी भी हुई। इस झगड़े में आधा दर्जन लोग घायल हुए। इसके अलावा खोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-९ पर दो पक्षों मे जमकर मारपीट हुई। सूत्रों के अनुसार कार मे सवार युवकों ने गोकुलपुरी दिल्ली निवासी अर्चित व उसके दोस्त पर गोली भी चलाई। वहीं मेरठ रोड पर दो वाहनों मे सवार आधा दर्जन लोगों में मारपीट हुई।