नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। नेहरू नगर स्थित सामुदायिक केन्द्र में नगर निगम का सिटी जोन कार्यालय शिफ्ट होने के चलते आज माह का पहला तहसील सदर का सम्पूर्ण समाधान दिवस जिला मुख्यालय सभागार में आयोजित किया गया। सिटी मजिस्ट्रेट सतीश चंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में समाधान दिवस में फरियादियों की शिकायतें सुनी गई। हालांकि बड़ी संख्या में शिकायतकर्ता पहले सामुदायिक केन्द्र पहुंचे, जहां से उन्हें स्थान बदलने की जानकारी दी गई, इसके उपरांत अपनी शिकायत लेकर जिला मुख्यालय पहुंचे। आज जिले की तीनों तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। खबर लिखे जाने तक करीब 30 शिकायतें दर्ज की गई थी, जिसमें से महज दो से तीन का ही निस्तारण अधिकारियों द्वारा किया गया। बाकी शिकायतों को सम्बंधित विभागों को प्रेषित किया गया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम सदर अजीत सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे।