गाजियाबाद (युग करवट)। यूपीआई लेनदेन पर एमडीआर शुल्क के विरोध में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल गाजियाबाद के व्यापारियों ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया।
व्यापारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। मंडल के जिलाध्यक्ष संदीप बंसल ने कहा कि यूपीआई देश में डिजीटल भुगतान का व्यापक माध्यम बन चुका है। अब सरकार द्वारा 15 अक्टूबर से दो हजार रूपए से अधिक के यूपीआई लेनदने पर 0.4 फीसदी एमडीआर निर्धारित और मासिक अधिकतम एमडीआर सीमा एक लाख रूपए निर्धारित कर दिया गया है। व्यापारियों ने ज्ञापन में सरकार को सुझाव दिया है कि लेनदेन की न्यूनतम सीमा बढ़ाकर दस हजार की जाए, मासिक सीमा 5 लाख की जाए, जिससे लघु व मध्यम वर्ग के व्यापारी बिना किसी अतिरिक्त दबाव के डिजीटल भुगतान को अपनाते रहे। प्रदर्शन करने वालों में बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।