नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। यूनाईट फोरम ऑफ बैंक यूनियन के आहवाहन पर सोमवार से बैंकों की तीन दिवसीय हड़ताल शुरू होने जा रही है। इस हड़ताल को लेकर बैंकों के कामकाज पर कम से कम असर पड़े और उपभोक्ताओं को राहत मिल सके, इसके लिए रविवार को भी बैंक खोले जाएंगे। बैंक इस सम्बंध में लगातार उपभोक्ताओं को मैसेज कर जागरूक कर रही हैं। आज माह का चौथा शनिवार होने के कारण बैंकों में कामकाज नहीं होता। रविवार को सार्वजनिक अवकाश रहता है, लेकिन सोमवार से शुरू हो रही हड़ताल के कारण इस बार रविवार को भी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक खुले रहेंगे। उपभोक्ताओं से लगातार अपील की जा रही है कि वह हड़ताल से पहले बैंकिंग कामकाज निपटा लें। हालांकि हड़ताल के दौरान एटीएम से लेन-देन पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। यूपीआई, आईएमपीएस, आरटीजीएस और एनईएफटी के जरिये 24 घंटे लेन-देन किया जा सकेगा। मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग भी चालू रहेगी। बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट (बीसी) और व्हाट्सएप बैंकिंग के माध्यम से भी कई सेवाओं का लाभ लिया जा सकेगा।