ट्रंप-जिनपिंग ने साथ पी चाय, ट्रेड पर की बात
नई दिल्ली (युग करवट)। यूएस प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की व्हाइट हाउस में मुलाकात हुई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच तीन दिनों तक चली शिखर वार्ता खत्म हो गई। दोनों नेताओं ने व्हाइट हाउस में साथ चाय पी और इसके बाद नेशनल आर्काइव्स का दौरा किया। दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के नेताओं की इस मुलाकात में व्यापार समेत कुछ मुद्दों पर सहमति बनी, हालांकि ताइवान, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ईरान और व्यापार से जुड़े कई बड़े मतभेद बरकरार रहे। ट्रंप ने कहा कि बातचीत के नतीजों से अमेरिकी किसान खुश होंगे। हालांकि उन्होंने इसकी विस्तृत जानकारी नहीं दी। ट्रंप ने कहा, अमेरिका इस यात्रा से बहुत खुश है और मुझे यकीन है कि चीन भी बहुत खुश है। वहीं शी जिनपिंग ने अमेरिका-चीन संबंधों को सम्मान, निष्पक्षता और पारस्परिकता के आधार पर रणनीतिक स्थिरता की ओर बढ़ता हुआ बताया। दोनों देशों के बीच बातचीत का एक अहम नतीजा ट्रेड ट्रूस को दो महीने आगे बढ़ाने पर सहमति रही। यह व्यवस्था 10 नवंबर को समाप्त होने वाली थी। इसके विस्तार से दोनों देशों को व्यापक व्यापार समझौते पर बातचीत के लिए एक्स्ट्रा टाइम मिल गया है। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीर ने कहा कि यात्रा के दौरान हुए सीमित व्यापार समझौतों की विस्तृत जानकारी सोमवार को जारी की जाएगी। व्हाइट हाउस के रेड रूम में चाय पीने के बाद ट्रंप और जिनपिंग नेशनल आर्काइव्स पहुंचे, जहां उन्होंने अमेरिका के डिक्लेरेशन ऑफ इंडिपेंडेंस, संविधान और बिल ऑफ राइट्स को देखा।