मेरठ में राष्टï्रीय अध्यक्ष के सामने गाजियाबाद के भाजपाईयों ने रखी मन की बात
गाजियाबाद (युग करवट)। भाजपा हाईकमान अब कार्यकर्ताओं के बीच जाकर उनके मन की बात जानने की कोशिश कर रहा है। कार्यकर्ताओं के अंदर क्या दर्द है इसको भी समझने के लिए वो सीधा संवाद कर रहा है। भाजपा के राष्टï्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन दो दिन के दौरे पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हैं।
वो कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से सीधा संवाद कर रहे हैं। कल मेरठ में भी सीधा संवाद हुआ आज सहारनपुर में वो पदाधिकारियों के बीच मौजूद रहेंगे। जिले और महानगर से अलग-अलग लोग बुलाये गये थे और उनसे कहा गया था कि वो अपने मन की बात खुलकर सामने रखें। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गाजियाबाद महानगर एवं जिले से चार लोग गये थे जिन्होंने जमीनी हकीकत क्या है हाईकमान को अवगत कराया। भाजपा के पूर्व महामंत्री गोपाल अग्रवाल, पवन अग्रवाल और अनिल खेड़ा ने अपनी बात रखी। हाईकमान के सामने गाजियाबाद के हाउस टैक्स का मामला उठाया गया साथ ही यूजीसी को लेकर जनता में क्या जवाब दें इसको लेकर भी बात रखी गई। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भाजपा के पूर्व महामंत्री ने कहा कि संगठन की स्थिति ठीक नहीं है और जैसे एक मठ पर ही सब हाजिरी लगाते हैं कुछ ऐसा ही हाल गाजियाबाद में हो रहा है। संगठन का बड़ा पदाधिकारी अपने ही मठ पर बड़े नेताओं को ले जाते हैं और किसी कार्यकर्ता के घर किसी भी नेता को उप मुख्यमंत्री हों या बड़े नेता हों या मंत्री हों वो केवल अपने ही घर सबको लेकर जाते हैं जिससे कार्यकर्ताओं में अच्छा संदेश नहीं जाता।
सूत्र बताते हैं कि स्थानीय नेताओं ने हाईकमान को बताया कि गाजियाबाद में हाउस टैक्स को लेकर जनता में सही संदेश नहीं गया है। हाउस टैक्स को लेकर जनता में काफी गुस्सा है। वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता अनिल खेड़ा ने यूजीसी को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि यूजीसी को लेकर हम जनता के बीच कैसे जाएं और हमें क्या बताना है। बहरहाल, सभी लोगों ने बहुत ही अच्छे मुद्दे उठाये और वास्तव में इस समय जो मुद्दे सामने चल रहे हैं उसमें यूजीसी सबसे अहम मुद्दा है और अनिल खेड़ा ने जमीनी हकीकत से हाईकमान को अवगत कराया। क्योंकि अभी हाल ही में यूजीसी को लेकर जितना माहौल गरम हुआ था वो सभी के सामने हैं और आने वाले समय में यूजीसी को लेकर बड़ा आंदोलन हो सकता है इससे भी इनकार नहीं किया जा सकता। इसलिए जनता के बीच रहने वाले भाजपा के नेताओं को सबसे बड़ी यही परेशानी हो रही है कि वो किस तरह यूजीसी को लेकर बचाव करें। इसीलिए अनिल खेड़ा ने एक बहुत ही गंभीर मुद्दा पार्टी हाईकमान के सामने रखा। सूत्र बताते हैं कि संगठन व अन्य कई विषयों को लेकर भी बैठक में जाने वाले नेताओं ने हाईकमान को अवगत कराया। २०२७ का विधानसभा चुनाव अब कुछ माह बाद ही होने वाला है ऐसे में भाजपा जहां चुनाव की तैयारियों में लग गई है वहीं कई ऐसे मुद्दे हैं जिनको लेकर तस्वीर साफ होना जरूरी है। भाजपा के राष्टï्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन २०२७ के विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी तरह से सक्रिय हो गये हैं और उन्होंने अपनी शुरूआत पश्चिमी उत्तर प्रदेश से की है। क्योंकि लोकसभा चुनाव २०२४ में भाजपा को सबसे ज्यादा नुकसान पश्चिमी उत्तर प्रदेश से ही हुआ था। इसलिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश को मजबूत करने के लिए तैयारी की जा रही है।
आज सहारनपुर में नितिन नबीन बड़े नेताओं के साथ संवाद करेंगे। गाजियाबाद से भी इस बैठक में भाग लेने के लिए कई नेता गये हैं। पूर्व सांसद डॉ. रमेशचंद तोमर भी इस बैठक में भाग लेने के लिए सहारनपुर पहुंच गये हैं।