नई दिल्ली (युग करवट)। भारत निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में खाली हो रही राज्यसभा की 11 सीटों के पर चुनाव कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा कर दी है। इनमें उत्तर प्रदेश की 10 और उत्तराखंड की 1 सीट शामिल है। इन सभी सीटों पर 16 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे। 29 सितंबर से चुनावी कार्यवाही शुरू होगी। इसके बाद प्रत्याशी 6 अक्टूबर तक अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे, उत्तर प्रदेश से उच्च सदन के 10 सदस्यों का कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त हो रहा है। सेवानिवृत्त होने वाले सांसदों में केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह, पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के बेटे नीरज शेखर, पूर्व पुलिस महानिदेशक बृजलाल, बीएल वर्मा, गीता उर्फ चंद्रप्रभा, सीमा और बसपा के रामजी गौतम शामिल हैं। समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता प्रोफेसर रामगोपाल यादव का कार्यकाल भी इसी तारीख को खत्म हो रहा है। उत्तराखंड से भाजपा सांसद नरेश बंसल का कार्यकाल समाप्त हो रहा है।