गाजियाबाद (युग करवट)। आज सुबह लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेहटा नहर पर स्थित एक प्लॉट को लेकर दो गुटो में खूनी संघर्ष हो गया। इस झगड़े में फायरिंग व मारपीट हुई। खूनी संघर्ष के दौरान जहां एक शख्स को गोली लगी वहीं कई और व्यक्ति भी घायल हो गये। इस घटना की वजह से जहां मौके पर अफरा तफरी और दहशत का माहौल व्याप्त हो गया वहीं एसओ लोनी बॉर्डर भी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गये। उसके बाद पुलिस ने गोली लगे व्यक्ति के अलावा अन्य घायलों को अस्पताल पहुंचाकर अग्रिम कार्रवाई करनी शुरू कर दी। इस संदर्भ में एसीपी अंकुर विहार अमरदीप मौर्य ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बेहटा नहर पर गोलीबारी हो रही है। इस सूचना के बाद पुलिस जब मौके पर पहुंची तो फायरिंग के दौरान बेहटा निवासी संदीप उर्फ मॉसी को गोली लगी है। जबकि कुछ और लोग भी घायल हुए हैं। श्री मौर्य ने बताया कि घायल संदीप की और से विक्रांत व गजेंद्र समेत कई लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है।