धीरेन्द्र शास्त्री हनुमान जी के भक्त हैं और जो हनुमान का भक्त है वह श्रीराम का भक्त है, वह श्रीकृष्ण और राम में भेद नहीं कर सकता
गाजियाबाद (युग करवट)। जगद्गुरू आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कथा वाचक धीरेन्द्र शास्त्री के श्री कृष्ण को लेकर दिए गए बयान पर हो रही राजनीति को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर जमकर हमला किया है। आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि धीरेन्द्र शास्त्री हनुमान जी के भक्त हैं और जो हनुमान का भक्त है वह श्रीराम का भक्त है। वह श्रीकृष्ण और राम में भेद नहीं कर सकता। मेरी धीरेन्द्र शास्त्री से फोन पर वार्ता हुई। धीरेंद्र शास्त्री इस समय विदेश में हैं। उनसे कहा कि आपके दिए बयान से करोड़ों हिन्दुओं की आस्था को पीड़ा पहुंची हैं। इस पर उन्होंने कहा कि अपने बयान के लिए उन्होंने माफी मांगी है और क्षमा याचना की है। तो ऐसे में बात वहीं खत्म हो जानी चाहिए। आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि धीरेन्द्र शास्त्री ने इस्लाम के खिलाफ तो कुछ नहीं बोला, मुहम्मद साहब के खिलाफ तो कुछ नहीं बोला, तो फिर अखिलेश को क्यों बुरा लग रहा है। यह तो सनातन का विषय है। धीरेन्द्र शास्त्री ने जो बोला, बयान दिया, उनके कंधे पर बंदूक रख कर इस लड़ाई में जयद्रथ, दुशासन, दुर्योधन सब कूद गए हैं। यह सब राजनीति फायदा लेना चाहते हैं और हिन्दुओं को बांटना चाहते हैं। सपा और कांग्रेस इसकी आड़ में हिन्दुओं को बांटकर सत्ता हासिल करना चाहती है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को अगर श्रीकृष्ण के लिए इतना बुरा लग रहा है और वह श्रीकृष्ण के इतने बड़े भक्त हैं, तो वह श्रीकृष्ण जन्मभूमि चलें, कार सेवा करें। मुझे धीरेन्द्र शास्त्री ने यह बात कही है कि वह विदेश से वापस आकर श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर कार सेवा करेंगे, अखिलेश आएं वहां। आचार्य प्रमोद ने कहा कि कथा वाचक की भाषा में एक शालीनता, मर्यादा होनी चाहिए वह अलग बात है। इसकी माफी भी धीरेन्द्र शास्त्री ने मांगी है। लेकिन धीरेन्द्र शास्त्री के बयान का फायदा उठाने के लिए जो कौरव दल कूछ गया है, मै उन कौरव दल को यह बताना चाहता हॅू कि सनातन एक था, एक है और हमेशा एक ही रहेगा।