यूपी में 4543 उपनिरीक्षकों को मिले नियुक्ति पत्र
लखनऊ (युग करवट)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज उपनिरीक्षक एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 में चयनित 4543 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए। पुलिस लाइन में सुबह 11 बजे नियुक्ति पत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस भर्ती के माध्यम से उत्तर प्रदेश पुलिस को बड़ी संख्या में नए उपनिरीक्षक मिले। भर्ती में नागरिक पुलिस के 4242 उपनिरीक्षक, पीएसी के 135 प्लाटून कमांडर, विशेष सुरक्षा बल (एसएसएफ) के 60 प्लाटून कमांडर तथा महिला बटालियनों के लिए 106 महिला उपनिरीक्षकों का चयन किया गया है। इनमें नागरिक पुलिस के 3394 पुरुष और 848 महिला उपनिरीक्षक शामिल हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मौके पर उन्होंने सभी अभ्यर्थियों को बधाई दी और उनसे तीन सवाल पूछे। सीएम योगी ने अभ्यर्थियों से पूछा कि क्या आपमें से किसी भी व्यक्ति को नौकरी के लिए सिफारिश करने की नौबत आई थी क्या? किसी भी तरह का लेन-देन आपके स्तर पर किया गया हो या आपको किसी ने ऑफर किया हो? क्या धौंस देकर नियुक्ति पत्र लेने की कोशिश तो नहीं की। इस पर सीएम योगी ने कहा कि तीसरी बात तो मैं खुद भी नहीं मानता। उन्होंने अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि आज धनतेरस के अवसर पर आप सबको नियुक्ति पत्र मिल रहा है। इसके लिए आप सबको बधाई।