कविनगर रामलीला समिति विवाद
गाजियाबाद (युग करवट)। श्री धामिक रामलीला समिति कविनगर का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। 30 अगस्त को विपुल शर्मा वाली समिति द्वारा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत भूमि पूजन किया गया जिसमें शहर के गणमान्य लोग मौजूद रहें। इस मामले में समिति के आजीवन सदस्य और पूर्व सांसद रमेश चंद तोमर ने गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नंदकिशोर कलाल को पत्र लिखकर डिप्टी रजिस्ट्रार से समिति की वैधता को लेकर जानकारी मांगी है, साथ ही इस समिति द्वारा की जा रही गतिविधियों पर भी तत्काल रोक की मांग की हैं।
पूर्व सांसद रमेश तोमर ने जीडीए वीसी को लिखे पत्र में लिखा है कि जीडीए अपर सचिव द्वारा डिप्टी रजिस्ट्रार से धार्मिक रामलीला की दोनो समितियों में से कौन सी समिति वैध है (पंजीकृत),इसकी जानकारी पत्र द्वारा मांगी थी। उन्होंने पत्र में आरोप लगाया कि डिप्टी रजिस्ट्रार ने उसका कोई जिक्र नहीं किया और फर्जी कहानी बना दी कि शहर में सैंकड़ों गठित व असित्व में होती हैं, क्या वह सभी पंजीकृत होती हैं। उन्होंने कहा कि डिप्टी रजिस्ट्रार द्वारा जवाब बनाकर जीडीए को गुमराह करने का काम किया है तथा नेहरू नगर युवा केन्द्र की तरह फंसाने की कोशिश की गई है। पूर्व सांसद ने जीडीए वीसी से कविनगर रामलीला मैदान आंवटित न करने, दूसरी समिति द्वारा की जा रही गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। साथ ही डिप्टी रजिस्ट्रार से समिति के पंजीकरण को लेकर स्पष्टï जवाब मांगने मांग की है कि वर्तमान में कौन सी समिति पंजीकृत है कौन सी नहीं है।