नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। सिद्घपीठ देवी मंदिर में शारदीय नवरात्रि के पांचवे दिन मां दुर्गा के पांचवे स्वरूप मां स्कंदमाता की विधि विधान से पूजन किया गया। सुबह से ही भक्तों का मां के दर्शन पूजन के लिए पहुंचना शुरू हो गया था। भक्तों ने मां स्कंदमाता के दर्शन कर परिवार की सुख-शांति, खुशहाली व संतान के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मंदिर के महंत गिरिशा नन्द गिरि महाराज ने मां स्कंदमाता की महिमा बताते हुए कहा कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मां स्कंदमाता ममता, करुणा और वात्सल्य की प्रतीक हैं। उनकी आराधना करने से भक्तों को सुख-शांति, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है। महंत विजय गिरि जी महाराज ने बताया कि शारदीय नवरात्रि के दौरान गाजियाबाद के विभिन्न देवी मंदिरों में भी नियमित रूप से पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान किए जा रहे हैं।