44 वर्षों से निरंतर चल रही भंडारे की सेवा
बागपत (युग करवट)। पुरा महादेव स्थित परशुरामेश्वर महादेव मंदिर के सामने स्थित धर्मशाला में श्रद्धालुओं एवं शिवभक्तों की सेवा के लिए विगत 44 वर्षों से निरंतर भंडारे की परंपरा चली आ रही है। इस सेवा परंपरा का शुभारंभ स्वर्गीय राजकुमार गोयल भट्टे वाले द्वारा किया गया था। पिता के निधन के बाद उनके सेवा भाव, संस्कारों एवं समाज के प्रति समर्पण को अपना मार्गदर्शक मानते हुए एमएलसी दिनेश कुमार गोयल द्वारा इस परंपरा को पूरी श्रद्धा एवं समर्पण के साथ निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। भंडारे में बागपत के सांसद राजकुमार सांगवान एवं बागपत वैश्य समाज के प्रमुख नेता अभिमन्यु गुप्ता ने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। इस अवसर पर दिनेश कुमार गोयल ने कहा कि यह भंडारा केवल भोजन वितरण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पूज्य पिताजी की पुण्य स्मृति और उनके सेवा संस्कारों को जीवित रखने का संकल्प है।