गाजियाबाद (युग करवट)। नगर निगम द्वारा मनमाने ढंग से बढ़ाए गए हाउस टैक्स के विरोध में व्यापारियों द्वारा आज से अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया गया है। व्यापारियों की मांग है कि नगर निगम हाउस टैक्स वृद्धि को तत्काल वापस लिया जाए तथा कर निर्धारण प्रक्रिया की पुन: समीक्षा कर व्यापारियों और नागरिकों को राहत प्रदान की जाए। इस दौरान आरडब्ल्यूए फेडरेशन के चेयरमैन आरके गर्ग अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। उन्होंने व्यापारियों के आंदोलन को पूर्ण समर्थन देते हुए कहा, बढ़ा हुआ हाउस टैक्स पूरे शहर का मुद्दा है। बैठक के संयोजक एवं सर्राफा एसोसिएशन के संरक्षक राज किशोर गुप्ता ने कहा कि जब तक नगर निगम बढ़े हुए हाउस टैक्स को वापस नहीं लेता अथवा इस संबंध में सकारात्मक निर्णय नहीं करता, तब तक धरना निरंतर जारी रहेगा। धरने में समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव अभिषेक गर्ग पहुंचे। धरना स्थल पर पहुंचे नगर निगम के उच्च अधिकारियों से सीधे मुखातिब होते हुए उन्होंने व्यापारियों के उत्पीडऩ और नगर निगम की जनविरोधी नीतियों पर कड़ा आक्रोश व्यक्त किया। अभिषेक गर्ग ने कहा कि मनमाना टैक्स वृद्धि तुरंत वापस हो: नगर निगम द्वारा हाउस टैक्स में की गई अप्रत्याशित बढ़ोतरी पूरी तरह से अनुचित और आम जनता व व्यापारियों की जेब पर डाका डालने जैसी है।

इस अवसर पर सतीश शर्मा, प्रीतम लाल, सुभाष गुप्ता, सुभाष छावड़ा, मनवीर नागर, रजनीश बंसल, मुनेन्द्र आर्य, हरवीर गांधी, आरके आर्या, राज किशोर गुप्ता, गौरव बंसल, सुनील चाचा, राजू छावड़ा उपस्थित रहे।