गाजियाबाद (युग करवट)। गाजियाबाद-नई दिल्ली रेलखंड पर साहिबाबाद रेलवे स्टेशन के पास एक साथ मालगाड़ी के छह डिब्बे पटरी से उतर गए जिसके कारण गाजियाबाद-नई दिल्ली के बीच रेल यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही दिल्ली मंडल के डीआरएम, एडीआरएम सहित रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिचालन जल्द शुरू हो सके इसके लिए ट्रेक खाली कराने में जुट गए। हालांकि रेलमार्ग जाम से 53 से अधिक ट्रेनें प्रभावित हुई जिसमें सबसे अधिक 16 पैसेंजर ट्रेनों को रेलवे ने निरस्त कर दिया। एकसाथ बड़ी संख्या में ट्रेनों के निरस्त होने से अन्य स्टेशनों पर खड़े यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सुबह सवेरे काम पर निकले यात्रियों को वैकल्पिक वाहनों के जरिए नई दिल्ली की ओर जाना पड़ा। सुबह के समय हुए इस हादसे के लिए गाजियाबाद-नई दिल्ली, गाजियाबाद-दिल्ली, साहिबाबाद-दिल्ली के बीच चलने वाली ट्रेनों को कैंसल किया गया। कुछ ट्रेनों को गाजियाबाद तक ही चलाया गया। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक अलीगढ़, पलवल और साहिबाबाद की ओर जाने वाली कुछ ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया। अचानक हुए इस बदलाव का सबसे अधिक असर दैनिक यात्रियों पर पड़ा। रेलवे प्रशासन का कहना है कि प्रभावित रेलखंड पर बहाली का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है और स्थिति सामान्य होते ही नियमित रेल सेवाएं फिर से शुरू कर दी जाएंगी। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं है। रेलवे की तकनीकी विभाग की टीमें ट्रेनो के डिब्बो को पटरी पर रखने के काम में जुट गई हैं जिससे रेल यातायात को सामान्य किया जा सके। वहीं रेलवे की टीम हादसे की जांच में भी जुट गई है ताकि घटना के कारणों का पता चल सके।