गाजियाबाद-नई दिल्ली रेलखंड पर मंगलवार सुबह एक मालगाड़ी के छह डिब्बे पटरी से उतर जाने के कारण रेल यातायात प्रभावित हो गया । इसके चलते कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ा, जबकि कुछ ट्रेनों का संचालन विलंब से हुआ। अचानक रेल सेवाएं प्रभावित होने से गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा दिक्कत दैनिक यात्रियों को हुई, जो रोजाना नौकरी, व्यवसाय और अन्य कार्यों के लिए दिल्ली जाते हैं। मंगलवार सुबह से ही बड़ी संख्या में यात्री स्टेशन पर ट्रेनों का इंतजार करते नजर आए, लेकिन ट्रेनों के रद्द होने और देरी से चलने के कारण उन्हें घंटों प्लेटफॉर्म पर रुकना पड़ा। कई यात्रियों ने मजबूरी में बस, मेट्रो और साझा वाहनों का सहारा लेकर अपने गंतव्य तक पहुंचने का प्रयास किया, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी पड़ा। रेल संचालन प्रभावित होने से पूछताछ काउंटर पर लगातार जानकारी लेने वालों की कतार लगी रही। प्लेटफार्म नंबर पांच पर आई दिल्ली की तरफ जाने वाली लखनऊ मेल, सद्भावना एक्सप्रेस में चढक़र यात्री रवाना हुए। वहीं मोदीनगर से मुरादनगर के बीच भी कई ट्रेनों के पहिए थमने से यात्रियों को बस आदि का सहारा लेना पड़ा। ट्रेनों से उतर कर सडक़ों पर आई भारी भीड़ के कारण लोगों को जाम की स्थिति का सामना करना पड़ा।