गाजियाबाद (युग करवट)। आंगनबाड़ी केन्द्र में गर्भवती महिलाओं और बच्चों को बंटने वाले राशन पर पार्षद शीतल चौधरी ने सवाल उठाए हैं।
शीतल चौधरी ने एक बयान जारी कर कहा है कि उनके समक्ष कई महिलाओं ने आंगनबाड़ी केन्द्र में बंटने वाले राशन को लेकर शिकायतें की हैं। महिलाओं ने पार्षद शीतल चौधरी को अवगत कराया कि जो राशन उपलब्ध कराया जा रहा है उसकी न सिर्फ क्वालिटी खराब है, बल्कि जो पैकेट दिए जाते हैं, वह चूहे द्वारा कतरे हुए हैं। महिलाओं ने पार्षद शीतल चौधरी को बताया कि उन्हें निर्धारित से कम राशन दिया जा रहा है, जो पहले मिल रहा था, वह तब भी बेहतर था, लेकिन वर्तमान में जो राशन उपलब्ध कराया जा रहा है, उसकी गुणवत्ता खराब हैं। महिलाओं को कहना है कि खराब राशन से बेहतर है कि उन्हें दिया ही ना जाएं, लेकिन अगर दिया जा रहा है तो उसकी क्वालिटी कम से कम बेहतर हो। पार्षद ने भी खुद आंगनबाड़ी केन्द्र पहुंचकर मिलने वाले राशन की गुणवत्ता को देखा। पार्षद शीतल चौधरी ने कहा कि सरकार गरीब वंचित तबके के लोगों को राशन उपलब्ध करा रही है, लेकिन जो राशन दिया जा रहा है, उसकी गुणवत्ता बेहद खराब है। इसके कारण उनकी सेहत बनने के बजाए और बिगड़ सकती है। गर्भवती महिलाएं, बच्चे इस राशन का उपयोग करते हैं, ऐसे में यह उनकी सीधे तौर पर सेहत से खिलवाड़ है। शीतल चौधरी ने कहा कि अधिकारियों से अपील है कि वह वितरित राशन की ना सिर्फ मॉनीटिरिंग करें, बल्कि समय-समय पर लाभार्थियों से वार्ता कर परखें कि राशन की गुणवत्ता सही है या नहीं, वह उससे खुश हैं, उन्हें पूरा राशन दिया जा रहा है या नहीं। जिससे सरकार की छवि खराब न हो। लेकिन अधिकारी इस मामले में संज्ञान लेकर कार्रवाई करें ताकि जरूरतमंदों को निर्धारित मात्रा और गुणवत्ता पूर्ण राशन उपलब्ध हो सके।