गाजियाबाद (युग करवट)। आंचल न्यास द्वारा इस वर्ष भी नवरात्रि पर महाशक्ति कन्या पूजन का आयोजन कराया जा रहा है। 18 अक्टूबर को 1008 कन्याओं का पूजन व सामूहिक भोज का आयोजन किया जा रहा है। प्रेसवार्ता में कार्यक्रम संयोजक संजय कुशवाहा ने बताया कि हर वर्ष आंचल न्यास द्वारा इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस बार भी 40 गांवों से 1008 कन्याओं का 1008 परिवारों द्वारा सामूहिक पूजन किया जाएगा। समिति के आई टी प्रमुख अमित मित्तल ने बताया कि 18 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से आंचल न्यास के निकट आर्यन कॉलेज में कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें कथावाचक अतुल कृष्ण भारद्वाज भी उपस्थित रहेंगे। समिति के सर्वव्ययवथा प्रमुख सत्यपाल सिंह ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। हर दस कन्याओं पर एक व्यवस्थापक तैनात रहेंगी, जो कन्या पूजन से लेकर उनके भोज तक की व्यवस्था सम्भालेंगी। एकसाथ चार हजार लोगों के सामूहिक भोज का दृश्य अद्भुत होगा। विपिन त्यागी ने बताया कि आयोजन से पूर्व दुर्गा सप्तशती के 108 पाठ किए जाएंगे। शक्ति उपासना के साथ ही कार्यक्रम का आयोजन होगा। इस दौरान प्रीति चंदा राय भी मौजूद रहीं।