गाजियाबाद (युग करवट)। पवित्र शारदीय नवरात्रों के अवसर पर प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी समरकूल होम एप्लायंसेज लिमिटेड प्रांगण में स्थित माँ भगवती के मंदिर में शतचंडी महायज्ञ का आयोजन किया गया। समरकूल के चेयरमैन संजीव कुमार गुप्ता द्वारा नवरात्रि के प्रथम दिन से ही विधि-विधान के साथ शतचंडी महायज्ञ के सभी अध्यायों का पूजन किया गया। शनिवार को महा सप्तमी के पावन अवसर पर हवन पूजन के साथ इस शतचंडी महायज्ञ का समापन किया गया। सप्तमी के दिन संजीव कुमार गुप्ता अपने पूरे परिवार सहित शतचंडी महायज्ञ अनुष्ठान में सम्मिलित हुए और सभी ने महायज्ञ में आहुति देकर माँ भगवती का आशीर्वाद प्राप्त किया। यह दिव्य शतचंडी महायज्ञ प्रसिद्ध पंडित श्री दिलीप शास्त्री जी के सानिध्य में एवं ऋषिकेश से पधारे 9 विद्वान आचार्यों के वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच संपन्न कराया गया। मंत्रोच्चारण से पूरा समरकूल परिसर भक्तिमय हो गया। शतचंडी महायज्ञ के समापन के पश्चात माँ भगवती से समस्त देशवासियों के कल्याण, सुख-समृद्धि और कंपनी की उत्तरोत्तर प्रगति की कामना की गई।