पीएम ने राहुल पर कसा तंज
गाजियाबाद (युग करवट)। संसद का मानसून सत्र आज से शुरू हो गया। हालांकि विपक्ष के हंगामे के बाद दोनों सदन स्थगित कर दिए गए। इससे लिए पहले मीडिया को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि मानसून हो या संसद का मानसून सत्र, अगर दोनों सक्रिय रहें तो बहुत फलदायी साबित होते हैं। इससे देश का कल्याण और सभी जीवों की भलाई होती है। प्रधानमंत्री ने प्रार्थना की कि यह मानसून और मानसून सत्र, दोनों ही देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए उत्पादक साबित हों। प्रधानमंत्री ने देश के युवाओं की तारीफ करते हुए कहा कि भारत के युवाओं ने अंतरिक्ष में एक नई यात्रा शुरू की है। उन्होंने बताया कि स्काईरूट स्टार्टअप में काम करने वाली पूरी टीम की औसत उम्र केवल 28 साल है। इन युवाओं ने यह बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा- मैं किसी 56 वर्षीय युवक की बात नहीं कर रहा हूं। मैं देश के उन युवा उद्यमियों की बात कर रहा हूं जिनकी औसत आयु 28 वर्ष है, वे बधाई के पात्र हैं, इसमें कोई संदेह नहीं। पीएम मोदी ने आगे कहा कि पिछले एक महीने में देश ने कई मील के पत्थर हासिल किए हैं, जिससे हर नागरिक गर्व से भर गया है। पिछले साल मानसून सत्र से ठीक पहले एक भारतीय नागरिक अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पहुंचे थे और हाल ही में एक युवा भारतीय स्टार्टअप ने अंतरिक्ष में बड़ी सफलता हासिल की है। पीएम मोदी ने वैश्विक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया के विभिन्न हिस्सों में युद्ध का खतरा बना हुआ है।